नई दिल्ली (नेहा): प्रसिद्ध भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट जल्द ही मां बनने वाली हैं। उन्होंने अपने पति सोमवीर राठी के साथ सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा, “हमारी प्रेम कहानी का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।” इस पोस्ट के साथ विनेश ने एक नन्हे पैर की इमोजी भी शेयर की, जिससे उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। विनेश फोगाट और सोमवीर राठी की प्रेम कहानी काफी दिलचस्प रही है।
2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता में हुए एशियन गेम्स में जब विनेश ने स्वर्ण पदक जीता था, तब सोमवीर ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही प्रपोज किया था और अंगूठी पहनाई थी। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश फोगाट ने इतिहास रच दिया था। वह ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली एकलौती भारतीय महिला पहलवान बनीं। हालांकि, फाइनल के दिन उनका वजन 100 ग्राम अधिक होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इस घटना के बाद उन्होंने कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।