बुलंदशहर (नेहा): पांच बच्चों की मां ने पड़ोसी गांव के अविवाहित युवक के साथ आम के पेड़ पर दुपट्टा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। युवक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में युवक ने महिला के पति पर प्रेम प्रसंग का विरोध करने व दोनों को नहीं मिलने देने का आरोप लगाया है। सिकंदराबाद सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह विघेपुर गांव स्थित आम के बाग में पेड़ से एक महिला और युवक का शव दुपट्टे से लटके मिले। दाेनों शव की पहचान ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव लडुकी हसनपुर निवासी 25 वर्षीय मनीष पुत्र सोहनपाल व पड़ोसी गांव नटो की नगला निवासी 26 वर्षीय सपना पत्नी बच्चू के रूप में हुई है। पेड़ पर लटके मिले महिला और युवक के शव की जांच करती पुलिस और फोरेंसिक की टीम। सीओ ने बताया, कि सपना पांच बच्चों की मां हैं। दोनों के बीच पिछले चार वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मनीष मजदूरी का कार्य करता था। वहीं महिला का पति भी बच्चू भी मजदूरी करता है। दाेनों के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग का पति को पता चल गया था।
इस पर पति इसका विरोध करता था और दोनों मिलने नहीं देता था। इसी के चलते महिला और उसके प्रेमी युवक ने सोमवार को विघेपुर गांव स्थित आम के बाग में पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया, कि युवक मनीष की जेब से सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि महिला का पति उन्हें मिलने नहीं देता था, जिसके कारण दोनों ने आत्महत्या की है। सीओ ने बताया कि थाने पर अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में स्थित मोर्चरी में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला है कि सपना की 14 वर्ष की उम्र में बच्चू से शादी हो गई थी। सपना के पांच बच्चे हैं। इसमें चार बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी की उम्र दस वर्ष है। मां के आत्महत्या करने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रेम के चक्कर में सपना ने बच्चों को भुला दिया।