नई दिल्ली (राघव): जोमैटो ने 15 मिनट में फूड डिलीवर करने वाली क्विक सर्विस पर रोक लगा दी है। जोमैटो ने अपने ऐप से इस सर्विस को शुरू करने के सिर्फ चार महीने बाद ही चुपचाप हटा दिया है। जोमैटो ऐप के लैंडिंग पेज पर इस सर्विस को खूब प्रचार किया गया था लेकिन अब यह बेंगलुरु, गुरुग्राम, हैदराबाद, मुंबई और अन्य कई शहरों में उपलब्ध नहीं है। हालांकि, इस संबंध में कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। यह भी संभव है कि जोमैटो इस सुविधा को पूरी तरह से बंद न करे और बाद में दूसरा एडिशन जारी कर सकता है। आपको बता दें कि क्विक सर्विस के तहत जोमैटो दो किलोमीटर के दायरे में स्थित चुनिंदा रेस्तरां से रेडी-टू-ईट फूड पेश करती थी।
यह दूसरी बार है जब जोमैटो ने क्विक सर्विस में एंट्री ली थी। इससे पहले 2022 में लॉन्च किए गए जोमैटो इंस्टेंट ने बेंगलुरु और दिल्ली-एनसीआर में 10 मिनट की डिलीवरी का वादा किया था, लेकिन जनवरी 2023 तक इस सर्विस को भी बंद कर दिया गया। इसके बाद जोमैटो एवरीडे के जरिए फूड सर्विस दी जा रही थी। हालांकि, वह टैब भी अब ऐप से गायब हो गया है।