फरीदाबाद (नेहा): फरीदाबाद में सारन थाना क्षेत्र के नंगला एन्क्लेव में रहने वाले युवक ने अपनी सास को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दामाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नंगला एंक्लेव में रहने वाली रीता ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी डेढ़ साल पहले पास में ही रहने वाले रामवीर से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही प्रियंका और रामवीर का मनमुटाव होने लगा। इससे रीता ने अपने बेटी को मायके बुला लिया। बताया गया कि पिछले एक साल से प्रियंका अपनी मां के पास ही रह रही थी। जिससे रामवीर काफी नाराज चल रहा था। उसने प्रियंका को कई बार बुलाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
वहीं, शुक्रवार देर रात रामवीर प्रियंका को लेने के लिए उसके घर गया। जहां उसकी सास रीता से कहासुनी हो गई। इस दौरान रामवीर ने गुस्से में आकर रीता को पेट पर गोली मार दी। गोली मारने के बाद रामवीर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, रीता की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।