मुंबई (राघव): एक्टर विजय राज को गुरुवार को साल 2020 के यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया गया है। बता दें कि विद्या बालन स्टारर फिल्म ‘शेरनी’ की शूटिंग के दौरान 2020 में एक महिला क्रू मेंबर ने विजय राज के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में महाराष्ट्र की गोंदिया कोर्ट ने एक्टर के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर ये फैसला सुनाया है। सूत्रों के अनुसार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महेंद्र सोरते ने जांच में गंभीर खामियों का हवाला देते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 354-ए (यौन उत्पीड़न) और 354-डी (पीछा करना) के तहत आरोप हटा दिए।
आपको बता दें कि विजय राज के खिलाफ गोंदिया के रामनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राज ने 25 अक्टूबर, 2020 की रात से 29 अक्टूबर, 2020 की सुबह के बीच एक होटल में महिला का उत्पीड़न किया था। एक्टर को 4 नवंबर, 2020 को मध्य प्रदेश के बालाघाट में गिरफ्तार किया गया था और उसी दिन उन्हें जमानत दे दी गई थी।