नई दिल्ली (राघव) : देश के कई हिस्सों में मानसून ने आंधी और गरज के साथ दस्तक दे दी है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। तेज हवाएं, बिजली कड़कने की आशंका और अति भारी बारिश का खतरा बताया गया है। चलिए विस्तार से जानते हैं किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल… दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा अब मुंबई, ओडिशा होते हुए पश्चिम बंगाल और असम तक पहुंच गई है। इससे उत्तर भारत की ओर नमी युक्त हवाओं का प्रवाह तेज हो गया है। इसके कारण पिछले 24 घंटों में पूर्वोत्तर राज्यों में अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। लखनऊ मौसम केंद्र ने राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 4 जून को पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में हल्की बारिश और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं का पूर्वानुमान है।
उत्तराखंड, पश्चिमी यूपी और हरियाणा में 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर यह रफ्तार 70 किमी/घंटा तक भी पहुंच सकती है। उत्तराखंड और पंजाब में भारी बारिश का विशेष अलर्ट 3 जून को जारी किया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि खुले में ना निकलें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें। राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में भी मानसून की आहट महसूस की जा रही है।
पूर्वोत्तर राज्यों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा:
4 जून को: मणिपुर, नागालैंड, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी।
असम और मेघालय: कुछ जिलों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की संभावना है।
प्रभाव: यातायात बाधित हो सकता है, फसलों को नुकसान पहुंच सकता है और आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।