मुंबई (राघव): कैंसर से जंग लड़ रहीं एक्ट्रेस हिना खान शादी के बंधन में बंध गईं हैं। उन्होंने लंबे वक्त से बॉयफ्रेंड रहे रॉकी जायसवाल से शादी कर ली है। जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम के माध्यम से दी है। उन्होंने अपनी और रॉकी जायसवाल की 14 तस्वीरें शेयर करते हुए एक बड़ा इमोशनल पोस्ट लिखा है।
स्टेज तीन ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं हिना खान ने अपनी शादी की तस्वीरों को शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘दो अलग-अलग दुनियाओं से, हमने प्यार का एक ब्रह्मांड बनाया। हमारे मतभेद मिट गए, हमारे दिल एक हो गए, जिससे एक ऐसा बंधन बना जो जिंदगी भर रहेगा। हम अपना घर, अपना उजाला, अपनी उम्मीद हैं और साथ मिलकर हम सभी परेशानियों को पार करते हैं। आज, हमारा मिलन हमेशा के लिए प्यार और कानून में सील हो गया है। हम पत्नी और पति के रूप में आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं।’
रॉकी जैसवाल का असली नाम जयंत जैसवाल है। वह एक जाने-माने टेलीविजन निर्माता और कारोबारी हैं। उन्होंने कई टीवी शो में पर्दे के पीछे अपने काम के लिए नाम कमया है। हिना के साथ अपने रिश्ते को लेकर वह अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। रॉकी ने हिना खान के मुश्किल वक्त में उनका बखूबी साथ निभाया है। बता दें कि हिना के साथ उनकी प्रेम कहानी ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के सेट पर शुरू हुई थी।