हैदराबाद (नेहा): गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा प्लेन हादसा हो गया, शहर से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का प्लेन टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। इस प्लेन करीब 242 यात्री थे जिनमें से कुछ ब्रिटीश यात्री शामिल हैं। इस विमान हादसे से पूरा देश हैरान है वहीं बॉलीवुड सेलेब्स को भी इससे सदमा लगा है। बॉलीवुड सितारों ने इस घटना पर सोशल मीडिया पर अपने संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘हैरान और निशब्द, एयर इंडिया क्रैश पर दुखी हूं बस प्रार्थना ही सकते हैं’. रितेश देशमुख ने इस घटना पर दुख जताते हुए लिखा, ‘एकदम दिल तोड़ने और हैरान करने वाला ट्रैजिक इंसिडेंट। मेरा दिल उन यात्रियों के लिए पसीज रहा है जो इस घटना का हिस्सा बने। मैं उनके लिए प्रार्थना कर रहा हूं’।
सनी देओल ने ट्वीट किया, ‘अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की खबर सुनकर दुखी हूं। इसमें घायल और सर्वाइव करने वालों के लिए मेरी दिल से दुआ। वे सब मिल जाएं और उन्हें अच्छा ट्रीटमेंट मिले. जिन्होंने अपनी जान गंवाई, उनकी आत्मा को शांति मिले और उनकी फैमिली को ताकत मिले’। जाह्नवी कपूर ने लिखा, ‘अहमदाबाद से टेकऑफ करने वाले प्लेन क्रैश को सुनकर हिल गई हूं। ऐसी घटनाओं के लिए शब्द नहीं होते। मैं प्रभावित होने वाले लोगों और उनकी फैमिली के लिए दुआ करती हूं’। विक्की कौशल ने लिखा, ‘प्लेन क्रैश की खबर सुनकर दुख हुआ, 242 यात्रियों के लिए मेरा दिल बैठा जा रहा है, उन सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना’। आलिया भट्ट ने इस पर दुख जताते हुए लिखा, ‘ये बहुत दुखद है, सभी पैसेंजर्स और उनके परिवार वालों के लिए दिल से दुआ कर रही हूं’।
परिणीति चोपड़ा ने लिखा, ‘एयर इंडिया फ्लाइट में सफर करने वाले पैसेंजर्स की फैमिली का दुख हम सोच भी नहीं सकते। प्रार्थना करती हूं कि भगवान उनकी फैमिली को ताकत दे’। सोनू सूद ने लिखा, ‘लंदन के लिए अहमदाबाद से टेकऑफ करने वाली फ्लाइट के क्रैश पर अपनी प्रार्थनाएं भेज रहा हूं’।
एयर इंडिया का यह विमान दोपहर 1.38 मिनट पर सरदार पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ा था। उड़ान भरने के 2 मिनट बाद ही क्रैश होने की खबर आई क्योंकि फ्लाइट एयरपोर्ट को पार नहीं कर पाई थी। टेकऑफ होने के कुछ देर बाद ही प्लेन नीचे गिरता दिखाई दिया और फिर जोर धमाका हुआ और धुआं उठने लगा।