जम्मू (नेहा): केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार होगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद अस्थाई रूप से बंद किए गए सभी 8 प्रमुख पर्यटन स्थलों को खोलने की घोषणा की है। मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों के संभागीय आयुक्तों और IG के साथ बातचीत के बाद पर्यटन स्थलों को खोलने का निर्णय लिया गया है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि अनंतनाग जिले के पहलगाम, बेताब घाटी, पहलगाम बाजार क्षेत्र के स्थानीय पार्क, वेरीनाग गार्डन, कोकेरनाग गार्डन और अच्छाबल गार्डन जैसे स्थलों को फिर से खोल दिया गया है। श्रीनगर में बादामवारी पार्क, निगीन झील के पास डक पार्क और दरगाह हजरतबल के पास तकदीर पार्क को भी जनता के लिए खोल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जनता के लिए जम्मू संभाग के बग्गर, देवी पिंडी, सेहर बाबा झरना, सुलह पार्क, गुल डंडा, जय वैली, पंचारी को खोल दिया गया है। यह सभी पर्यटनस्थल 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा कारणों के मद्देनजर बंद कर दिए गए थे। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने पहलगाम हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।