नई दिल्ली (नेहा): कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 19 जून को 55वां जन्मदिन है। राहुल गांधी को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित पक्ष-विपक्ष के तमाम नेताओं ने बधाई दी है।
इस बीच, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का बधाई संदेश चर्चा में हैं। स्टालिन ने राहुल को ब्रदर इन आइडियल्स बताया है। स्टालिन ने एक्स पर लिखा, मेरे आदर्श भाई राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, जो खून से नहीं, बल्कि विचार, दृष्टि और उद्देश्य से बंधे हैं। आप एक उज्जवल भारत की ओर हमारे अभियान में दृढ़ रहें और साहस के साथ नेतृत्व करें। जीत हमारी होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को उनके 55वें जन्मदिन पर बधाई दी। पीएम मोदी ने एख्स पर लिखा- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन की बधाई। ईश्वर उन्हें लंबी और स्वस्थ जिंदगी दे।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई। ईश्वर उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और लंबी आयु प्रदान करे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर राहुल गांधी को शुभकामनाएं दीं। गडकरी ने लिखा, लोकसभा में विपक्ष के नेता और उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सांसद राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। यह अवसर खुशियां लेकर आए और आने वाला साल स्वास्थ्य और समृद्धि से भरा हो। कमल हासन ने भी कांग्रेस नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, आप एकता, करुणा और साहस के मार्ग पर चलते रहें – उसी शांत संकल्प और दृढ़ता के साथ जो आपको परिभाषित करती है।
भाजपा नेता नवीन जिंदल भी ने आने वाले वर्ष को स्वास्थ्य और समृद्धि से भरा होने की कामना की। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने लोगों और नेतृत्व के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए कांग्रेस नेता की सराहना की। अशोक गहलोत, सचिन पायलट और शत्रुघ्न सिन्हा सहित कई अन्य नेताओं ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं।