श्रीनगर (नेहा): जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में गर्मी ने शुक्रवार को 20 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आज अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 6.3 डिग्री सैल्सियस अधिक है। एक दिन पहले यहां पर अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। स्वतंत्र मौसम विशेषज्ञ फैजान आरिफ ने कहा कि यह 2005 के बाद से श्रीनगर का सबसे अधिक तापमान है। उन्होंने कहा,‘श्रीनगर में आज का 35.5 डिग्री सैल्सियस तापमान 2005 के बाद से जून महीने में सबसे अधिक तापमान है।’
श्रीनगर में जून महीने में अब तक का सबसे अधिक तापमान 37.8 डिग्री सैल्सियस 29 जून, 1978 को दर्ज किया गया था। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कश्मीर के विभिन्न जिलों में तापमान में असामान्य रूप से बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के हिसाब से 7.1 डिग्री सैल्सियस अधिक है।