मुंबई (नेहा): मुंबई एअरपोर्ट पर पुलिस ने एक शख्स को सांपों की तस्करी करने के जुर्म में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुडमैन लिनफोर्ड लियो के रूप में हुई है। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एअरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने शख्स को रंगे हाथों पकड़ा है। लियो के बैग में अलग-अलग प्रजातियों के 16 जिंदा सांप मिले हैं। सभी सांपों को कपड़े में लपेटकर धागे या रबड़ से बांधा गया था।
एअरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, उन्हें लियो की हरकतों पर शक हुआ। चेक-इन पॉइंट पर सिक्योरिटी को धोखा देने के लिए उसने गजब का जुगाड़ अपनाया था। हालांकि, ग्रीन चैनल से निकलते हुए कस्टम अधिकारियों ने लियो को धर दबोचा। वहीं, जब उसकी तलाशी ली गई तो सभी के होश उड़ गए। मुंबई कस्टम के अनुसार, लियो के बैग में 16 जिंदा साप पाए गए हैं। इनमें 5 होंडुरन मिल्क स्नेक, 2 गार्टर स्नेक, 2 केन्याई सैंड बोआ, 1 बैंडेड कैलिफोर्निया किंग स्नेक, 5 राइनोसेरस रैट स्नेक और 1 एल्बिनो रैट स्नेक की प्रजातियां शामिल हैं।
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि लियो के बैग में सफेद कपड़ों के 15 पाउच मौजूद थे, जिनमें सांप रखकर पाउच को धागे और रबड़ से बांधा गया था। वहीं, सिक्योरिटी को चकमा देने के लिए लियो ने सांपों को चॉकलेट के डिब्बे और पुराने कपड़ों में छिपाया था। लियो एअरपोर्ट से ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे गेट पर ही रोक लिया। कस्टम अधिकारियों के अनुसार, लियो के बैग में मिले 16 सांप CITES की लिस्ट में शामिल नहीं हैं। हालांकि, इनकी बिना दस्तावेजों के सांपों की तस्करी अवैध मानी जाती है। लियो ने कबूल किया है कि सांपों की तस्करी के लिए उसे लाखों रुपए मिले हैं। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।