शिमला (नेहा): मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच रविवार को चंबा में दो और मंडी में एक स्थान पर बादल फटा। वहीं ऊना में बाढ़ जैसे हालात रहे। चंबा के चुराह में रविवार सुबह पंचायत बघेईगढ़ के कंगेला नाला व टिकरीगढ़ पंचायत के बंधा नाला में बादल फटे। मंडी की चौहारघाटी की पंचायत सिल्हबुधाणी के कोरतंग गांव में शनिवार रात 12 बजे पहाड़ी में बादल फटने से बाढ़ आ गई, जिससे गांव में तबाही मच गई। दोनों जिलों में बादल फटने से पांच पुल बह गए। चंबा की टिकरीगढ़ पंचायत में बादल फटने से नकरोड़-चांजू मार्ग पर कंगेला नाला पर बना पुल बह गया, यहां देर शाम वैकल्पिक रास्ता बना दिया।
मंडी जिले के कोरतंग गांव में बाढ़ में चार फुटब्रिज और लोक निर्माण विभाग की एक पुलिया बह गई। सिल्ह, बुधाणी और कोरतंग में उपजाऊ जमीन बह गई। आधी रात को पानी व पत्थरों की गड़गड़ाहट सुनकर लोगों ने भाग कर जान बचाई। यहां छह मकान खतरे की जद में हैं। जिला ऊना में भारी वर्षा से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए। लोगों के घरों तथा स्कूलों में पानी घुस गया। नंगल सलांगड़ी में एक उद्योग में जलभराव होने से 45 कामगार फंस गए। अग्निशमन विभाग व होमगार्ड ने इन्हें बचाया। झलेड़ा गांव का पट्रोल पंप जलमग्न हो गया। गगरेट के कई उद्योगों में पानी भर गया। इससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने सात जुलाई को चंबा व कुल्लू में भारी वर्षा का यलो, जबकि लाहुल स्पीति व किन्नौर को छोड़ अन्य जिलों में बहुत भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर बाढ़ आने की चेतावनी है। आपदा प्रबंध प्राधिकरण के अनुसार प्रदेश में अभी तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लापता हैं।
बड़सर में महिला बही, सुजानपुर में किशोरी का शव मिला हमीरपुर के बड़सर की शुक्र खड्ड में अन्य राज्य की महिला पानी में बह गई। शुक्र खड्ड में राशन से भरा ट्रक फंस गया। सुजानपुर के नजदीक गांव बजाहर के पास ब्यास में 14 से 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला है। आशंका है कि शव मंडी से बहकर आए किसी का हो सकता है। प्रदेश में 243 सड़कें बंद प्रदेश में वर्षा और भूस्खलन से 243 सड़कें बंद हैं। मंडी में 183, कुल्लू में 36, कांगड़ा में 12, ऊना में छह, चंबा में चार, सिरमौर में दो सड़कें बाधित हैं। मंडी में 182, ऊना में 41, किन्नौर में 12, चंबा व कुल्लू में तीन-तीन ट्रांसफार्मर खराब हैं। प्रदेश में 278 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।