नई दिल्ली (नेहा): बॉलीवुड एक्ट्रेस फातिमा सना शेख इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच एक्ट्रेस ने अपने साथ हुए एक बेहद खौफनाक घटना के बारे में खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पब्लिक प्लेस पर एक शख्स ने उन्हें गलत तरीके से छुआ था, जिसके बाद एक्ट्रेस ने उसे पीट दिया, लेकिन बदले में उस शख्स ने भी फातिमा को बहुत जोर से मारा था।
Hauterrfly को दिए इंटरव्यू में फातिमा ने उस घटना को याद किया, जिसने ऐसे हालातों से निपटने के उनके तरीके को आज तक बदल कर रख दिया है। फातिमा ने बताया, ‘एक बार एक आदमी ने मुझे गलत तरीके से छुआ, तो मैंने उसे मारा। लेकिन फिर उसने मुझे इतनी जोर से मारा कि मैं जमीन पर गिर गई।’
फातिमा सना शेख ने आगे कहा, ‘मैंने उसे सिर्फ इसलिए मारा, क्योंकि उसने मुझे गलत तरीके से छुआ था, लेकिन उसे इस बात पर इतना गुस्सा आ गया कि उसने मुझे इस कदर मारा कि मैं गिर पड़ी। उस घटना के बाद मैं थोड़ी और सतर्क हो गई। मुझे समझ में आया कि हमें यह भी सोचना पड़ता है कि ऐसे हालात में कैसे रिएक्ट करें। आप सोचिए, हमारे साथ कुछ गलत हो रहा है और उस पर कैसे रिएक्ट करना है, यह हमें ही सोचना पड़ रहा है।’
फातिमा ने हाल ही की एक और घटना के बारे में बताया, जो उनके साथ मुंबई में कोविड लॉकडाउन के दौरान हुई थी। उन्होंने बताया, ‘लॉकडाउन के दौरान मैं मुंबई में मास्क पहनकर साइकिल चला रही थी। तभी एक टेम्पो ड्राइवर लगातार हॉर्न बजा रहा था और अजीब-अजीब आवाजें निकाल रहा था। जब तक मैं अपनी गली में मुड़ नहीं गई, वो मेरा पीछा करता रहा।’
बताते चलें कि फातिमा सना शेख हाल ही में ‘मेट्रो इन दिनों’ फिल्म में नजर आईं, जिसका डायरेक्शन अनुराग बसु ने किया है। इसमें अली फजल, पकंज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, नीना गुप्ता, अनुपम खेर और आदित्य रॉय कपूर जैसे सितारे अहम किरदारों में हैं। इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छे रिव्यूज मिले हैं। इसके अलावा फातिमा की फिल्म ‘आप जैसा कोई’ इस शुक्रवार को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है।