पोरबंदर (नेहा): गुजरात के पोरबंदर शहर में 16 वर्षीय एक किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक ध्रुव सुतारिया ने बताया कि घटना 22 जुलाई की है और उद्योगनगर थाने में बृहस्पतिवार को चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया, “शिकायत के अनुसार, जयराज सुंदावदरा, मल्हार चौहान और राजू मुदियासिया ने 22 जुलाई की रात को किशोरी से दुष्कर्म किया। चौथे आरोपी मेरु सिंघल ने तीनों की मदद की।” सुतारिया ने बताया, ‘‘मल्हार और सिंघल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य दो को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।”
उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों ने जयराज को जानने वाली लड़की को एक रेस्टोरेंट ले जाने का वादा किया और फिर उसे अपनी कार में एक पार्टी प्लॉट पर ले गए। यहां उसे नशीला पेय पिलाया गया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। सुतारिया ने कहा, ‘उसकी हालत का फायदा उठाकर जयराज, मल्हार और राजू ने एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे उसके घर छोड़ दिया। एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने उसे सिगरेट से जलाया भी।’