नई दिल्ली (नेहा): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पिछले साल मणिपुर के जिरीबाम में तीन महिलाओं और तीन बच्चों की हत्या करने में शामिल एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। दरअसल, NIA ने इस आरोपी को मुख्य साजिशकर्ता करार दिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम थांगलियानलाल हमार उर्फ बोया है, जो असम के कछार जिले के मोइनाथोल दिलकशोश घाट इलाके का रहने वाला है। गुरुवार को असम पुलिस एवं NIA की संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया।
NIA ने इस गिरफ्तारी के बाद एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया कि यह गिरफ्तारी एनआईए और असम पुलिस की एक संयुक्त टीम द्वारा आइजोल से एक अन्य आरोपी थांगलीनलाल हमार की गिरफ्तारी के तुरंत बाद हुई है। जांच एजेंसी ने कहा कि थंगलीनलाल की तरह, लालरोसांग भी इस जघन्य अपराध में एक सक्रिय साजिशकर्ता था।
NIA ने अपने बयान में कहा कि आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड जब्त किया है और मामले की आगे की जांच के तहत उसकी जांच कर रही है। आगे बताया गया कि पिछले साल 11 नवंबर को जिरीबाम जिले के बोरेबेकरा इलाके में तीन महिलाओं और तीन बच्चों का अपहरण कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। शवों को बराक नदी में फेंक दिया गया था।