नई दिल्ली (नेहा): एशिया के सबसे अमीर आदमी मुकेश अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) से लगातार पांचवें साल कोई सैलरी नहीं ली है। उनकी कमाई का मुख्य जरिया डिविडेंड है। रिलायंस इंडस्ट्रीज तेल, टेलीकॉम और रिटेल जैसे कई क्षेत्रों में कारोबार करती है। अंबानी ने कोरोना महामारी के बाद 2020-21 से सैलरी नहीं लेने का फैसला किया था। वह तब तक सैलरी नहीं लेंगे जब तक कंपनी और उसके सभी कारोबार पूरी तरह से पहले की तरह कमाई नहीं करने लगते। 2024-25 में भी उन्हें सैलरी, भत्ते और रिटायरमेंट के लाभ के रूप में कुछ नहीं मिला।
मुकेश अंबानी दुनिया के 18वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनके पास लगभग 100 अरब डॉलर की संपत्ति है। उनकी कमाई का जरिया सिर्फ डिविडेंड है। रिलायंस में उनके 1.61 करोड़ शेयर हैं। कंपनी ने 2024-25 के लिए प्रति शेयर 5.50 रुपये का लाभांश घोषित किया है। इससे उन्हें 8.85 करोड़ रुपये की डिविडेंड इनकम होगी।