मुजफ्फरपुर (राघव): बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला अपने 13 साल के बेटे को लेकर अपने भांजे के साथ भाग गई। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि भागने से पहले दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई भी की और घर से लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए।
यह घटना बोचहां थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित पति नवल किशोर का आरोप है कि उसकी पत्नी खुशबू देवी का अपने भांजे नीरज के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। नीरज अक्सर उनके घर आया करता था और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। नवल किशोर के अनुसार उन्होंने और उनके बेटे ने इस रिश्ते का विरोध किया, लेकिन उनकी पत्नी नहीं मानी।
पीड़ित पति का कहना है कि जब उन्होंने अपनी पत्नी को घर से 50 हजार रुपये नकद, लाखों के जेवर और जमीन के कागजात लेकर भागने से रोकने की कोशिश की, तो खुशबू और नीरज ने मिलकर उनकी बेरहमी से पिटाई की। इस मारपीट में उनका हाथ टूट गया। जाते-जाते खुशबू ने उन्हें धमकी भी दी कि अगर उन्होंने यह बात किसी को बताई तो वह आत्महत्या कर लेगी।
नवल किशोर ने इस मामले की शिकायत बोचहां थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर FIR दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार महिला और उसके भांजे की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों को जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा।