मंडी (नेहा): हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सावन मास की पूर्णिमा के शुभ अवसर पर राजभवन में हवन-यज्ञ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने यह भी कामना की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस पवित्र अनुष्ठान में राजभवन के सभी कर्मचारियों ने भाग लिया। हवन के बाद राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल के लोग धर्म में गहरी आस्था रखते हैं और उन्हें विश्वास है कि ऐसे धार्मिक आयोजन देवभूमि को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने में सहायक होंगे।
राज्यपाल ने पिछले कुछ वर्षों में हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी नुकसान पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने मंडी जिले के सिरोज क्षेत्र का दौरा किया था, जहां उन्होंने स्वयं इस आपदा से हुए जान-माल के नुकसान का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने हवन के माध्यम से मृतकों की आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की।
हवन के पश्चात, मैत्री संस्था और राज्य रेडक्रॉस की महिला सदस्यों ने राज्यपाल की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान राज्यपाल ने रक्षाबंधन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सिर्फ एक धागा नहीं है, बल्कि यह पवित्र बंधन आत्माओं को भी जोड़ता है। उन्होंने इस स्नेह और विश्वास के पावन पर्व पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा भी मौजूद थे।