महाराजगंज (राघव): यूपी के महाराजगंज में उस समय हड़कंप मच मया जब ई-चौपाल में अचानक से अश्लील वीडियो चल गया। दरअसल बेसिक शिक्षा की समस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा के लिए कलक्ट्रेट के एनआईसी में गूगल मीट के माध्यम से आयोजित ई-चौपाल का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक शरारती तत्व ने लिंक के माध्यम से जुड़ने के बाद अश्लील वीडियो चला दिया। ई-चौपाल में डीएम समेत बेसिक शिक्षा के कई अधिकारी, शिक्षक और लोग भी जुड़े थे। अश्लील वीडियो चलने से असहज स्थिति उत्पन्न हो गई। इस मामले में बीएसए के आदेश पर बीईओ फरेंदा ने इस मामले में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बीते 7 अगस्त की है। कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग की समस्याओं पर जन सुनवाई के लिए ई-चौपाल लगाई गई थी। इसमें विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। चर्चा के दौरान जाशन जेआर नाम व्यक्ति ने लिंक के माध्यम से अपने एकाउंट से अश्लील वीडियो चला दिया। वहीं अर्जुन नाम का एक व्यक्ति अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।
दोनों का पता अज्ञात है। इस आपत्तिजनक स्थिति पर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार रॉय ने बताया कि आईपी एड्रेस के माध्यम से आरोपितों का पता लगाने में साइबर टीम जुट गई है। जल्द ही नाम-पते के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी सिद्धार्थ ने बताया, ई-चौपाल में अश्लील वीडियो चलाने वाले आरोपित और गाली-गलौज करने वाले शख्स के खिलाफ तहरीर के आधार केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों का पता लगा लिया जाएगा। प्रकरण में विधिक कार्रवाई होगी।