मनाली (नेहा): हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश नहीं थम रही है। लाहुल स्पीति जिला की मयाड़ घाटी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। बादल फटने से आई बाढ़ में तीन पुल बह गए। नालों में आई बाढ़ से छह गांवों के लोग दहशत में आ गए। लोगों ने घरों से भागकर जान बचाई। नाले के साथ वाले कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, जबकि फसलें व खेत भी बह गए हैं। प्रशासन राहत कार्य में जुट गया है। गत शाम लगभग सात बजे गुधर नाला, करपट नाला, चांगुट नाला, उदगोस नाला और तिंगरेट नाला में बादल फटा है। इस कारण करपट नाला, चांगुट नाला व उडगोस नाला में बने पुल बह गए।
इसके अलावा मयाड़ घाटी में मयाड़ नाले पर बना बड़ा पुल भी पानी में डूब गया। बादल फटने से हुई तबाही के कारण आधा दर्जन गांव के लोग रात को सो नहीं पाए हैं। प्रशासन ने सुबह क्षेत्र में राहत कार्य शुरू कर दिया है व नुकसान का आकलन किया जा रहा है।