भोपाल (राघव): मध्य प्रदेश के 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए टाइम टेबल जारी कर दिया है। यह समय सारणी परीक्षा से 6 महीने पहले घोषित की गई है। 12वीं बोर्ड की परीक्षा 7 फरवरी 2026 से शुरू होगी। वहीं 10वीं की परीक्षाएं 11 फरवरी 2026 से शुरू होंगी।
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से जारी टाइम टेबल के अनुसार, दोनों कक्षाओं का पहला पेपर हिंदी विषय का होगा। टाइम टेबल के अनुसार, 12वीं की परीक्षाएं 7 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक चलेंगी। वहीं 10वीं की परीक्षाएं 11 फरवरी से 2 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से लेकर 12 बजे तक निर्धारित है।
सभी परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। केंद्र में प्रवेश केवल 15 मिनट पहले पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को ही मिलेगा। शिक्षा मंडल की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, अगर शासन-प्रशासन की ओर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तब भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी, इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
शिक्षा मंडल के अनुसार, रेगुलर विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं उनके स्कूल में ही आयोजित होंगे। वहीं स्वाध्याई छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं 10 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक निर्धारित केंद्रों पर आयोजित होंगी। शिक्षा मंडल के अनुसार, सभी परीक्षार्थियों को सुबह 8.30 बजे तक क्लास में बैठना होगा। 8.50 बजे प्रश्न पत्र और 8.55 बजे उत्तर पुस्तिका वितरित की जाएगी। आवश्यकता अनुसार समय में बदलाव संभव है, जिसकी सूचना छात्रों को पहले दे दी जाएगी।