इस्लामाबाद (नेहा): पाकिस्तान में एक बार फिर भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी है। बचाव अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लोअर दीर, बाजौर और एबटाबाद समेत कई जिलों में अचानक आई बाढ़ व भूस्खलन में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए। लोअर दीर के मैदानी इलाके सोरी पाओ में एक मकान की छत गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई और महिलाओं व बच्चों समेत 4 अन्य घायल हो गए। बचाव कर्मियों ने मलबे से सात लोगों को निकाला, जिनमें से 5 को मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पंजकोरा नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। बाजौर जिले में, जबरारी और सालारजई इलाकों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से व्यापक तबाही हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अब तक 9 शव बरामद किए गए हैं साथ 4 घायलों को बचाया गया है। कम से कम 17 अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। जबरारी गांव में बादल फटने से भीषण बाढ़ आ गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, 5 शव बरामद किए और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है।
बाजौर के जिला आपातकालीन अधिकारी अमजद खान बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उपायुक्त शाहिद अली ने पुष्टि की है कि सालारजई की घटना में 9 लोग मारे गए हैं और 2 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को खार अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। अधिकारियों ने मौसम को देखते हुए लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।