गुरुग्राम (नेहा): यूट्यूबर एल्विश यादव के साइबर सिटी स्थित घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। बदमाशों के दो दर्जन से ज्यादा गोलियां बरसाने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, तीन नकाबपोश बदमाशों ने एल्विश के घर के बाहर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है। बाइक सवार बदमाश गुरुग्राम के सेक्टर- 57 स्थित घर बाहर सुबह करीब साढ़े पांच बजे आए थे।
गोलियां घर के भूतल और पहली मंजिल पर लगी हैं। फायरिंग के समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे। हालांकि परिवार के अन्य सदस्य घर पर थे, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं हैं। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए।
दरअसल, एल्विश यादव भी हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया के करीबी हैं। इसलिए मामले को राहुल फाजिलपुरिया केस से जोड़कर देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने राहुल फाजिलपुरिया पर भी फायरिंग की गई थी। सुनील सरधानिया ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।