गाजियाबाद (नेहा): कवि नगर थाने में तैनात महिला दारोगा रिचा सचान की कार्टे चौक पर कुत्ते को बचाने में उनकी हंटर बाइक वैगनऑर कार से टकरा गई। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में उन्हें पुलिस अधिकारियों ने अंतिम सलामी दी। पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिया।
वहीं, स्वजन ने कार चालक पर लापरवाही से कार चलाते हुए टक्कर मारने का आरोप लगाया है। स्वजन ने कवि नगर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, सूत्रों के मुताबिक दारोगा ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। पुलिस के मुताबिक 2023 बैच की रिचा सचान मूलरूप से कानपुर नगर के असधना गांव की रहने वाली थीं।
वह गाजियाबाद के महिंद्रा एन्क्लेव में किराये के मकान में रहती थीं। कवि नगर थाने में यह उनकी पहली तैनाती थीं। वह रविवार देर रात को हंटर बाइक पर ड्यूटी से घर लौट रहीं थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्टे चौक पर अचानक उनकी बाइक के सामने कुत्ता आ गया। उन्होंने कुत्ते को बचाने की कोशिश की। जिससे उनकी बाइक वैगनऑर कार से टकरा गई। रिचा के सिर में गंभीर चोट लग गई। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना की सूचना रविवार रात करीब एक बजे रिचा के स्वजन को दी। दारोगा की बाइक को शास्त्री नगर पुलिस चौकी लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर दो बजे शव को पुलिस लाइन लाया गया। यहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। दोपहर तीन बजे स्वजन शव कानपुर लेकर रवाना हो गए।