मुंबई (नेहा): देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आफत भरी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले 3 दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिसकी वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। सड़कें पानी में डूब गई। स्कूल-कॉलेज बंद है। हवाई सेवाओं से लेकर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ा है। अभी राहत के आसार भी नजर नहीं आ रहे।
IMD ने मुंबई समेत आसपास के इलाकों में तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया। इसको देखते हुए CM देवेंद्र फडणवीस ने अगले कुछ घंटे महाराष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताए हैं। लगातार हो रही बारिश से मुंबई की रफ्तार थम गई है। लोकल ट्रेनें डूब गईं, सड़कें दरिया बन गईं हैं। केवल 24 घंटे के अंदर मुंबई में 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। निचले इलाक पानी में डूब गई है। वहीं, मिटी नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई। इस बीच 400 लोगों को बचाकर सुरक्षित जगहों पर ले जाना पड़ा।
लोकल ट्रेन पर भी इसका असर पड़ा है। सेंट्रल रेलवे के अधिकारी ने बताया कि मुंबई में जो हालात बने हैं उसकी वजह से 36 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। 14 लंबी दूरी की ट्रेनें कैंसिल हुई। इसके अलावा 16 ट्रेनों का समय भी बदला गया है। वहीं, कई फ्लाइट्स भी देरी से चल रही हैं। इस बीच इंडिगो ने एक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को घर से निकलने से पहले फ्लाइट का शेड्यूल चेक करने की सलाह दी है।