नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी राजेश खिमजी को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। देर शाम उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेजने का आदेश दिया। सूत्रों ने बताया कि 41 वर्षीय आरोपी राजेश खिमजी को देर रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में एक मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को तीस हजारी अदालत परिसर में किसी भी मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया।
पुलिस ने गुजरात के राजकोट निवासी आरोपी राजेश खिमजी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है। उस पर कथित तौर पर हमला करने और लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने का भी मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ करके सीएम पर हमले के राज उगलवाएगी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह में सिविल लाइंस स्थित सीएम आवास पर जनसुनवाई के दौरान के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आरोपी शख्स ने अटैक किया था। बताया जा रहा कि आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। वो बीते 24 घंटे से लगातार सीएम की रेकी कर रहा था। आरोपी एक दिन पहले सीएम रेखा गुप्ता के शालीमार बाग स्थित आवास पर भी पहुंचा था। उस समय का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।