नई दिल्ली (नेहा): छठ पर्व की तैयारियों के लिए दिल्ली सरकार ने दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार को एक बैठक रखी। बैठक में कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार इस बार दिल्ली में छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली सरकार पूरा सहयोग देगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिजली, पानी और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था दी जाएगी।
मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को छठ पर्व की तैयारियां समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में राजधानी के अलग-अलग हिस्सों से आई 20 से ज्यादा छठ समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना और आयोजन को और ज्यादा सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारी करना, इस बैठक का उद्देश्य था।
जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली में सबसे लंबा करीब 6 किमी लंबा छठ घाट मुनक नहर के किनारे बनाया जाएगा। छठ घाट का निर्माण सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग करेगा। मुनक नहर के किनारे बनने वाला छठ घाट दिल्ली का पहला ऐसा छठ घाट होगा, जो बेहद आकर्षक और स्थायी होगा। अफसरों के अनुसार दिल्ली में हर साल छठ घाटों की संख्या बढ़ रही है। पिछले 10 साल में इनकी संख्या 69 से बढ़कर 950 हो गई है।