पटना (नेहा): बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनावी माहौल में कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने मोर्चा संभाल लिया है। राहुल गांधी बिहार में ‘ वोटर अधिकार यात्रा ‘ निकाल रहे हैं। यह यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी। इस यात्रा का लक्ष्य 23 जिलों की 50 विधानसभा सीटों तक पहुंचना है। राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव भी हैं। अब राहुल गांधी का साथ देने के लिए उनकी बहन प्रियंका गांधी भी इस यात्रा में शामिल होंगी।
राहुल गांधी के साथ अब उनकी बहन प्रियंका गांधी भी इस अभियान का हिस्सा बनने जा रही हैं। प्रियंका 26 और 27 अगस्त को दो दिन के दौरे पर बिहार आएंगी। 26 अगस्त को वह सुपौल और मधुबनी में वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगी। वहीं 27 अगस्त को जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना करने का उनका कार्यक्रम तय है। इसके साथ ही दरभंगा और मुजफ्फरपुर में रोड-शो भी होगा। यह एक्टिव राजनीति में आने के बाद प्रियंका का बिहार में पहला बड़ा कार्यक्रम है।
प्रियंका गांधी जिन इलाकों में रोड-शो करेंगी और यात्रा में शामिल होंगी, वे परंपरागत रूप से एनडीए और भाजपा का गढ़ माने जाते हैं। हालांकि, कभी यही क्षेत्र कांग्रेस का भी मजबूत आधार रहे हैं। पार्टी अब अपनी खोई हुई जमीन को फिर से पाने की कोशिश कर रही है। प्रियंका गांधी जिस दिन यात्रा में शामिल होंगी, उसी दिन बिहार और पूर्वी यूपी में हरितालिका तीज का पर्व है। इसे नीतीश कुमार के कोर वोट बैंक मानी जाने वाली महिलाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस इस रणनीति के जरिये महिलाओं तक सीधा संदेश देना चाहती है। वहीं, प्रियंका का जानकी मंदिर में पूजा करना बीजेपी की हिंदुत्व राजनीति को काउंटर करने का प्रयास माना जा रहा है।
वरिष्ठ पत्रकार रमाकांत चंदन के मुताबिक, प्रियंका गांधी का यह दौरा कांग्रेस की नई रणनीति को दिखाता है। बीजेपी भावनात्मक और धार्मिक मुद्दों पर चुनावी लाभ लेती रही है। अब कांग्रेस भी उसी पिच पर उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी ने भी ऐसे ही आरोपों को काउंटर करने के लिए मंच से चंडी पाठ किया था। बिहार में प्रियंका का मंदिर जाना कांग्रेस के लिए नया सियासी प्रयोग हो सकता है।
महागठबंधन को 2020 के चुनाव में महिला नेतृत्व की कमी खली थी। इस बार कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पहले ही मैदान में उतारकर इस कमी को पूरा करने की कोशिश की है। प्रियंका बिहार में भी महिलाओं के बीच लोकप्रिय चेहरा मानी जाती हैं।