नई दिल्ली (नेहा): दुनिया भर में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की चर्चा हो रही है। बड़े-बड़े टेक दिग्गज इसके अच्छे और बुरे प्रभाव पर विचार कर रहे हैं। लेकिन इसी बीच तकनीक के जगत में AI से भी तगड़ी टेक्नोलॉजी एंट्री करने वाली है। नाम है Synthetic Intelligence यानी SI, इसे AI से भी चार कदम आगे माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में SI टेक्नोलॉजी AI से भी आगे निकल सकता है। यह मानव जीवन पर गहरा प्रभाव डालने वाला होगा। सिंथेटिक इंटेलिजेंस को AI का एडवांस वर्जन माना जा रहा है। यह तकनीक महज डेटा पर फैसले नहीं लेती, बल्कि चीजों को समझते हुए खुद भी निर्णय लेने की क्षमता रखती है।
तभी तो यह कहा जा रहा है कि AI तो बच्चा है, दुनिया में असली खेल तो SI करेगी। आइए, इसको आसान भाषा में समझ लेते हैं। सिंथेटिक इंटेलिजेंस (SI) एक ऐसी तकनीक है जो AI से आगे की सोच रखती है। यह सिर्फ डेटा के आधार पर ही फैसले नहीं करती, बल्कि इसमें इंसानों जैसी समझ, तर्क करने की क्षमता और क्रिएटिविटी भी है। इसको यूं समझें कि यह एक सुपर स्मार्ट सिस्टम है, जो महज पहले दी गई जानकारी पर ही काम नहीं करता, बल्कि नई सिचुएशन को समझकर या भांपकर खुद से सीखता और समाधान खोजता है।
ऐसे समझें कि AI और SI को शतरंज खेलने के लिए दिया गया है। AI शतरंज का खेल खेलने के लिए नियमों और पिछले खेलों के डेटा का इस्तेमाल करता है। लेकिन SI ना सिर्फ नियमों को समझेगा, बल्कि सामने वाले खिलाड़ी की रणनीति और अप्रत्याशित चालों पर भी नजर रखेगा। कुल मिलाकर यह कह सकते हैं कि SI मशीनों को इतना स्मार्ट बना देगा कि वे इंसानों की तरह सोचना शुरू कर देंगी। कुछ रिपोर्ट्स में तो यह भी दावा है कि SI तकनीक से लैस होकर मशीनें इंसानों से भी तेज हो सकती हैं।
SI सिस्टम डेटा से तो सीखते ही हैं, खुद भी नई परिस्थितियों के अनुसार रिएक्ट करते हैं। मसलन, इन्हें कोई भविष्यवाणी करनी है, तो पुराने डेटा के आधार पर ही नहीं, बल्कि बदलते हुए पैटर्न को समझकर अपनी बात रखेंगे। AI किसी भी बात के संदर्भ या मर्म को आसानी से नहीं समझ पाता। लेकिन SI यह समझेगा, जैसे- SI से कहा जाए कि मैं गरीब हूं, तो यह डिकोड करेगा कि यह सच बात थी या मजाक था। इसके इतर, AI को कुछ भी नया क्रिएट करने को कहते हैं, तो यह पहले के मौजूद डेटा और पैटर्न पर आधारित चीजें बनाता है। SI नई चीजें बना सकता है, जैसे नई कहानियां या नए डिजाइन, जिनका कोई पुराना जुड़ाव नहीं मिलेगा।