नई दिल्ली (नेहा): वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को पूरे देश में खूब पसंद किया जा रहा है। हाल में शुरू हुई श्रीनगर-कटरा वंदे भारत ट्रेन भी सुपरहिट साबित हो रही है। हालांकि यह ट्रेन माता वैष्णो देवी कटरा से ही चलती है। ऐसे में यात्रियों को इस ट्रेन का विस्तार दिल्ली तक किए जाने का इंतजार है। दिल्ली तक सीधी ट्रेन का इंतजार कर रहे कश्मीर के वासियों को भारतीय रेलवे ने खुशखबरी दी है। रेलवे ने कश्मीर घाटी और देश की राजधानी दिल्ली के बीच सीधी रेल सेवा शुरू की है।
यह कोई यात्री ट्रेन नहीं, बल्कि एक पार्सल ट्रेन है जो ताजे सेब लेकर दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन कश्मीर घाटी के बडगाम से दिल्ली के आदर्श नगर स्टेशन तक चलेगी। यह सेवा उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद एक्स पर एक पोस्ट में इस पहल की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कश्मीर के बागानों से ताजे सेब लेकर पहली पार्सल ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। जम्मू-श्रीनगर रेल लाइन के शुरू होने के बाद यह रेलवे का एक बड़ा कदम माना जा रहा है।