शिमला (नेहा): बिलासपुर जिले के कोट जंगल में रविवार शाम भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कोट गांव निवासी पुरुषोत्तम जंगल में बकरियां चराने गया था। प्रदेश के कई स्थानों में रविवार रात हल्की वर्षा हुई। सोमवार की शुरुआत धूप के साथ हुई। दोपहर के समय शिमला सहित कुछ स्थानों पर बादल छाए और बूंदाबांदी हुई। शिमला शहर में सोमवार शाम घना कोहरा छा गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को धूप खिलने तथा 24 व 25 सितंबर को एक दो स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
सोमवार को पंजाब के कई स्थानों से मानसून विदा हो गया। अभी हिमाचल से मानसून को विदा होने में एक से दो दिन और लग सकते हैं। सामान्य तौर पर मानसून 25 सितंबर को लौटता है। प्रदेश में दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 354 सड़कें बंद हैं। 68 ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित है। बंद पड़ी 100 पेयजल योजनाओं को ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में इस बार बरसात में अब तक 4861 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया जा चुका है। 261 लोगों की बाढ़, भूस्खलन व अन्य कारणों से मौत हो चुकी है। 1711 मकान पूरी तरह व 7396 को आंशिक नुकसान हुआ है।