नई दिल्ली (नेहा): देशभर में अब मौसम का रुख बदलने लगा है। कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है और सुबह-शाम हल्की सर्द हवाएं चलने लगी हैं। तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन रात में ठंड का असर महसूस होने लगा है। इस बार मानसून के दौरान अधिक बारिश होने की वजह से माना जा रहा है कि सर्दी पिछली बार से ज्यादा तीव्र हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 नवंबर के लिए शीत लहर जैसी स्थिति की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि इस दिन कुछ राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा।
राजस्थान में मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदल चुका है। जयपुर, बीकानेर, चूरू, सीकर और अलवर जैसे जिलों में रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंडी हवाओं का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कल राज्य के कई हिस्सों में शीत लहर जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि दिन में धूप बनी रहेगी, जिससे हल्की राहत मिलेगी।


