नई दिल्ली (पायल)- हिंदू धर्म में शनिवार का दिन भगवान शनिदेव को समर्पित माना जाता है। शनिदेव कर्म और न्याय के देवता हैं। जो जैसा कर्म करता है, उसे वैसा ही फल शनिदेव देते हैं। कई लोग शनिदेव से डरते हैं, लेकिन सच यह है कि अगर आप सच्चे मन से पूजा करें, दूसरों की मदद करें और गलत कामों से दूर रहें तो शनिदेव बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं। शनिवार को कुछ खास उपाय करने से शनिदेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। आइए जानते हैं, शनिवार के खास उपाय…
शनिदेव की पूजा और पाठ
शनिवार के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इसके बाद घर में या शनि मंदिर जाकर भगवान शनिदेव की पूजा करें। सरसों के तेल का दीपक जलाएं और “ॐ शं शनैश्चराय नमः” मंत्र का जाप करें। शनि चालीसा या शनि स्तोत्र का पाठ करना बहुत शुभ माना जाता है। इससे शनिदेव का आशीर्वाद मिलता है और जीवन की नकारात्मकता दूर होती है।
जरूरतमंदों को दान करें
शनिवार के दिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति को दान करना बहुत शुभ होता है। इससे आपके कर्मों का संतुलन बनता है और आर्थिक परेशानियों से राहत मिलती है। यह दान विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी है जिनकी कुंडली में शनि कमजोर है या बार-बार धन हानि हो रही है।
पीपल के पेड़ की परिक्रमा
शनिवार के दिन पीपल के पेड़ की पूजा करना बहुत शुभ माना जाता है। इस दिन शाम को या सूर्योदय के बाद पीपल के पेड़ की 7 बार परिक्रमा करें। ऐसा करने से शनि दोष शांत होता है और मन को शांति मिलती है।
हनुमान चालीसा का पाठ
शास्त्रों में बताया गया है कि हनुमान जी की कृपा जिस व्यक्ति पर हो जाए उसे जीवन में किसी भी तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता है। हनुमान चालीसा का पाठ रोजाना करना चाहिए। शनिवार के दिन एक से अधिक बार हनुमान चालीसा का पाठ जरूर करें। हनुमान जी की पूजा करने से भय, शनि दोष और मानसिक तनाव दूर होता है। अगर आप चाहें तो शनि मंदिर में जाकर हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाएं और “जय बजरंगबली” का जाप करें।
डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य है और सटीक है। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।


