कानपुर (नेहा): दिल्ली से बिहार के सीवान जा रही एक प्राइवेट बस मंगलवार तड़के आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। अरौल कट (तहसील बिल्हौर) के पास सुबह करीब 3:20 बजे तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे तीन यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है, जबकि लगभग 20 यात्री घायल हुए हैं।
बस के पलटते ही भीतर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री टूटी सीटों और कांच के शीशों के बीच फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही बिल्हौर तहसील प्रशासन, पुलिस बल और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। बचावकर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस द्वारा मेडिकल कालेज भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में बस चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। तेज रफ्तार और रात के समय धुंध हादसे की वजह हो सकती है। मामले की जांच जारी है। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहसील और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।


