नई दिल्ली (नेहा): ऐसा लगता है कि भारतीय शेयर बाजार से अब मंदड़िए गायब हो गए हैं। मार्केट के दोनों बड़े सूचकांकों बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी ने आज गुरुवार को 52 वीक हाई लेवल बनाया है। शेयर मार्केट एक्सपर्ट डॉ रवि सिंह के अनुसार, बाजार में तेजी आगे भी जारी रहने की उम्मीद है। फंडामेंटल्स मजबूत हो रहे हैं। मजबूत मैक्रो और सुधरते माइक्रो से बाजार को सपोर्ट मिल रहा है। कमजोर पड़ता एआई ट्रेड भी भारत के लिए सकारात्मक साबित हो रहा है। कल कैश मार्केट में एफआईआई खरीदारी करते दिखे हैं। यह एक अच्छा संकेत है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 0.52 फीसदी या 446 अंक की बढ़त लेकर 85,632 पर बंद हुआ है। कारोबारी सत्र के दौरान यह 85,801 अंक तक गया, जो 52 वीक हाई लेवल है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 0.54 फीसदी या 139 अंक की बढ़त लेकर 26,192 पर बंद हुआ। कारोबारी सत्र के दौरान यह अधिकतम 26,246 अंक तक गया। यह निफ्टी का नया 52 वीक हाई है।


