नई दिल्ली (नेहा): भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के लिए सुबह-सुबह खुशखबरी आ गई है। दरअसल, भारतीय सेना में लगभग 1.8 लाख सैनिकों की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए इंडियन आर्मी अग्निवीरों की भर्ती के लिए वैकेंसी को मौजूदा 45,000-50,000 से बढ़ाकर हर साल 1 लाख से ज्यादा करने पर विचार कर रही है।
साल 2020 और 2021 में कोविड महामारी के दो सालों के दौरान आर्मी ने सैनिकों की भर्ती रोक दी थी, जबकि इस दौरान हर साल 60,000-65,000 सैनिक रिटायर होते रहे. यह 2022 में अग्निपथ स्कीम के लॉन्च होने से पहले की बात है, जब सैनिकों की भर्ती आम तरीके से की जाती थी।
वहीं, जब 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना लॉन्च की गई थी, उस साल आर्मी, नेवी और इंडियन एयर फोर्स में भर्ती के लिए कुल लगभग 46,000 वैकेंसी दी गई थीं। इसमें से 40,000 वैकेंसी आर्मी के लिए और बाकी नेवी और IAF के लिए थीं।


