धर्मशाला (पायल): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक तेज रफ्तार बाइक सवार सेना के जवान की हादसे में मौ हो गई। जिला कांगड़ा में पुराना मटौर के पास निजी बस और बाइक की टक्कर होने से जवान की मौत हो गई।
युवक की उम्र लगभग 28 साल है। पुलिस के अनुसार सन्नी कुमार पुत्र चैन सिंह गांव व डाकघर भाली तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश का निवासी था। जिसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी।
इस दौरान बस में सवार 7 यात्री भी घायल हो गए। दरअसल, बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, इस कारण आगे सवार सात यात्रियों को चोटें आई हैं।
बस कांगड़ा से गगल की तरफ जा रही थी और बाइक गगल से कांगड़ा की तरफ जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है।
बता दे कि हादसा बेहद भयानक था। बस से टक्कर के बाद बाइक और युवक दोनों काफी दूर जा गिरे। बाइक के टायर तक अलग हो गए। इसके अलावा बाकी कलपुर्जे भी सड़क पर बिखर गए। युवक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार था। बताया जा रहा है उसकी स्पीड काफी ज्यादा थी, इस कारण मोड़ पर वह संभल नहीं पाया और पुल की तरफ से आ रही बस के साथ टकरा गया।


