नई दिल्ली (नेहा): दक्षिणी थाईलैंड इस समय बाढ़ की मार झेल रहा है। कुदरत के इस कहर में कम से कम 145 लोगों की जान गई है। यहां पर इतनी संख्या में लोगों की मौत ने एक चिंता बढ़ा दी है। थाईलैंड के आपदा निवारण और न्यूनीकरण विभाग ने बताया कि पिछले दिनों भारी बारिश के कारण 12 दक्षिणी प्रांतों में आई इस बाढ़ के कारण 1.2 मिलियन से अधिक घर और 3.6 मिलियन लोग प्रभावित हुए हैं।
इस मामले को लेकर सरकारी प्रवक्ता सिरिपोंग अंगकासाकुलकियात ने बैंकॉक में एक पीसी के दौरान कहा कि बाढ़ के कारण देश के आठ प्रांतों में 145 लोगों की जान गई है। वहीं, सोंगखला प्रांत में सबसे अधिक 110 लोगों की जान गई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ का पानी और कम होने के साथ ही सर्च और रेस्क्यू की कोशिशें और सफल हो गई हैं। सोंगखला प्रांत में मरने वालों की संख्या में तेज़ी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि बचाव दल उन रिहायशी इलाकों तक पहुंच गए हैं, जो पहले से काफी पानी में डूबे थे।
आपदा विभाग ने शुक्रवार की सुबह बताया कि अधिकांश बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी अब कम हो गया है, लेकिन कुछ जगहों पर पानी का स्तर अभी ज्यादा है। स्थानीय मौसम विभाग का कहना है दक्षिण में बारिश कम हुई है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में आंधी तूफान की चेतावनी जारी की गई है।


