नई दिल्ली (नेहा): दिसंबर 2025 का महीना खगोल विज्ञान प्रेमियों के लिए अनेक दुर्लभ और आकर्षक घटनाएं लेकर आ रहा है। यह महीना वर्ष के सबसे आकर्षक उल्कापात, सुपरमून, ग्रहों के विशेष संयोग और वर्ष की सबसे लंबी रातों का साक्षी बनेगा। दिसंबर भर आसमान में मंगल, बृहस्पति, शनि, यूरेनस, नेपच्यून और शुक्र एक साथ सिक्स-प्लैनेट परेड बनाते हुए दिखाई देंगे।
यह खगोल प्रेमियों के लिए दुर्लभ और शानदार अवसर होगा। 4 दिसंबर को इस वर्ष का अंतिम सुपरमून, जिसे कोल्ड मून कहा जाता है, दिखाई देगा। इसी दिन बुध ग्रह भी अर्ध प्रकाशित स्थिति में आकर्षक नजर आएगा। 7 दिसंबर को बृहस्पति विपक्ष स्थिति में रहेगा। इससे यह पूरी रात बेहद चमकीला और स्पष्ट दिखाई देगा। इसी रात की अगली सुबह बुध ग्रह आसमान में अपनी सबसे ऊंची स्थिति में अत्यंत चमकदार दिखाई देगा। महीने का सबसे बड़ा आकर्षण 13 दिसंबर की रात को होने वाला जेमिनिड उल्कापात होगा। इस दौरान प्रति घंटे 100 से 120 तक उल्काएं दिखाई दे सकती हैं।


