नई दिल्ली (नेहा): दिसंबर का महीना लगते ही देश के ज्यादातर हिस्से शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। ठंड तेजी से पैर पसार रही है। कई राज्यों में आज भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और उससे सटे पूर्वी भारत में शीतलहर की स्थिति जारी रहेगी। उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 12 दिसंबर तक शीतलहर दस्तक दे सकती है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और मणिपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत उत्तर पूर्वी राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। 13 दिसंबर से देश में ठंड का कहर और बढ़ सकता है। पश्चिमी हिमालय से सटे राज्यों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी से तापमान में तेज गिरावट होने की संभावना है।
हिमाचर प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे ठंड काफी ज्यादा बढ़ गई है। सूखी ठंड और पाला पड़ने से पहाड़ी क्षेत्रों में लोग काफी परेशान हैं। 13 दिसंबर के बाद पहाड़ी राज्यों में बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में शीतलहर का असर दिल्ली एनसीआर पर भी देखने को मिल सकता है। सर्द हवाओं के कारण दिल्ली के कई इलाकों में ठंड का एहसास बढ़ने का अनुमान है। राजधानी हल्के धुंध और कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में शीतलहर के कारण ठंड अचानक से बढ़ गई है। तराई बेल्ट में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई है। वहीं, शीतलहर के कारण ठिठुरन और गलन महसूस हो सकती है। बिहार में पछुआ हवा चल रही है, जिससे ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। पटना समेत कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बिहार में अगले 48 घंटे तक पछुआ का कहर जारी रहेगा। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।


