मथुरा (नेहा): उत्तर प्रदेश के मथुरा में अक्टूबर महीने में महिलाओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से विवादों में घिरे कथावाचक स्वामी अनिरुद्धाचार्य महाराज की कानूनी परेशानियां बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद उनके खिलाफ दाखिल की गई याचिका पर सीजेएम उत्सव राज गौरव की अदालत ने परिवाद को स्वीकार करते हुए आधिकारिक रूप से परिवाद दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही अब इस मामले में विधिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और कथावाचक को कोर्ट में जवाब देना होगा। महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में वाराणसी में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
स्वामी अनिरुद्धाचार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अक्टूबर में वायरल हुआ था, जिसमें वे बेटियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कह रहे थे। इसमें उन्होंने कहा था कि आजकल बेटियों की शादी 25 साल में होती है, तब तक वह कई जगह मुंह मार चुकी होती हैं। इस बयान के सामने आते ही व्यापक विरोध शुरू हो गया था। विभिन्न संगठनों और आम जनता ने इसे महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला बताते हुए आपत्ति जताई थी।
बड़ा विवाद खड़ा होने पर स्वामी अनिरुद्धाचार्य ने सफाई दी थी कि वे महिलाओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किए जाने की बात कही थी। हालांकि, उनके खिलाफ लगातार महिला संगठनों का आक्रोश सामने आता रहा।


