लुधियाना (नेहा): पंजाब के लुधियाना में ताजपुर रोड स्थित केंद्रीय कारागार में कैदियों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में जेल अधीक्षक समेत कई लोगों के घायल होने के एक दिन बाद बुधवार को शांति बहाल हो गई। सूत्रों के अनुसार, करीब 200 कैदियों ने एक बैरक के पास पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। जेल परिसर के बाहर मौजूद लोगों ने दावा किया कि जेल परिसर के अंदर से लगभग 20 मिनट तक सायरन की आवाज सुनाई देती रही। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर शाम को हुई जब कैदियों के बीच किसी मुद्दे पर हाथापाई हो गई और जल्द ही विवाद बढ़ गया।
उन्होंने बताया कि झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहे जेल अधिकारियों पर भी कैदियों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। जेल अधीक्षक कुलवंत सिद्धू के सिर पर एक कैदी ने कथित तौर पर ईंट मार दी जिससे वह बेहोश हो गए। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना में जेल के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जगजीत सिंह, एक थाना प्रभारी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कम से कम दो जवान भी घायल हुए हैं। कुछ कैदी भी जख्मी हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति पर काबू पा लिया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी-पूर्व) सुमित सूद ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि वास्तव में क्या हुआ था। सूत्रों ने बताया कि मंगलवार रात हुई इस घटना की जानकारी पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को दे दी गई है और उन्होंने जेल प्राधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस आयुक्त स्वप्न शर्मा मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ जेल पहुंचे। इसी जेल में 2019 में भी कैदियों के बीच झड़प हुई थी।

