मुंबई (नेहा): भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर और उनकी पत्नी मिताली पारुलकर के घर खुशियों ने दस्तक दी है। रविवार यानी 21 दिसंबर 2025 को शार्दुल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए अपने फैंस को यह जानकारी दी कि वे एक बेटे के माता-पिता बन गए हैं। शार्दुल-मिताली के पहली बार पेरैंट्स बनने के बाद फैंस उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। बता दें कि दोनों की शादी 28 फरवरी 2023 को हुई थी।
शार्दुल ठाकुर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “माता-पिता के दिलों में छिपा, खामोशी, विश्वास और असीम प्यार से सुरक्षित… हमारा छोटा सा राज आखिरकार सबके सामने है। स्वागत है बेबी बॉय-वह सपना जिसे हमने 9 खूबसूरत महीनों तक सहेज कर रखा था।”
बता दें कि शार्दुल और मिताली ने नवंबर 2021 में सगाई की थी और 28 फरवरी 2023 को दोनों शादी के बंधन में बंधे थे। कोल्हापुर की रहने वाली मिताली पेशे से एक बेकर हैं। मिताली पारुलकर न सिर्फ शार्दुल ठाकुर की अच्छी दोस्त हैं, बल्कि पावर हाउस भी हैं। दोनों एक-दूसरे को स्कूल के दिनों से जानते हैं।


