मंडी (नेहा): हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में खूंखार तेंदुए ने लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। तेंदुए ने एक व्यक्ति को मार डाला व पांच को बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। बल्ह उपमंडल की भडयाल पंचायत में आदमखोर तेंदुए ने तीन गांव में हमला कर छह लोगों को घायल कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।
घायलों की पहचान अभी तक साहिब सिंह पुत्र जोगीमलदार निवासी बिहार, चंपा देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी मलवाणा, दीनानाथ पुत्र विक्रम निवासी भडयाल, जतिन पुत्र दीनानाथ निवासी भडयाल, रेखा देवी पत्नी दीनानाथ के रूप में हुई है। वहीं भडयाल में पिंकू राम के घर आए उसके साले 40 वर्षीय बलवीर सिंह निवासी भ्यूली मंडी की मौत हो गई है। लोगों ने तेंदुए को भी मार गिराया है।


