नई दिल्ली (नेहा): वीर बाल दिवस पर शुक्रवार को 20 बच्चों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया। यह अवॉर्ड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिए। अलग-अलग क्षेत्र में बेहतरीन और बहादुरी के कामों की वजह से इन बच्चों को 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुना गया।
14 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी इनमें शामिल हैं। आज दिल्ली आने की वजह से वे विजय हजारे टूर्नामेंट में मणिपुर के खिलाफ मैच नहीं खेल रहे हैं। 20 बच्चों में से 2 बच्चों को मरणोपरांत पुरस्कार दिया गया।
तमिलनाडु की ब्योमा और बिहार के कमलेश कुमार का पुरस्कार उनके माता-पिता ने लिया। पीएम मोदी ने भी विजेता बच्चों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जेन जी और जेन अल्फा ही हमें विकसित भारत के लक्ष्य तक ले जाएंगे।
वीर बाल दिवस गुरु गोविंद सिंह के 4 बेटों की शहादत के सम्मान में मनाते हैं। गुरु गोविंद सिंह के तीन पत्नियों से चार बेटे थे, जिनका नाम अजीत, जुझार, जोरावर और फतेह था। इन्हें साहिबजादे भी कहा जाता है।
26 दिसंबर 1705 को चारों बेटों की मुगल सेना ने हत्या कर दी थी। उनकी शहादत का सम्मान करने के लिए PM मोदी ने 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा की थी।

