पटना (नेहा): बिहार में घने कोहरे और शीतलहर का कहर लगातार जारी है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं, अत्यधिक ठंड और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र सहित) में कक्षा 8वीं तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर 3 जनवरी 2026 तक रोक लगा दी गई है। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत लागू किया गया है, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा और 3 जनवरी 2026 तक लागू रहेगा। इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बता दें कि यह निर्णय सुबह और शाम के समय अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 9वीं से ऊपर की शैक्षणिक गतिविधियां बंद नहीं होंगी। इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक किया जाएगा।


