जम्मू (नेहा): जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। जहां जम्मू संभाग में कोहरे और शीत लहर का कहर देखा जा सकता है वहीं घाटी के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। शनिवार को जम्मू संभाग के अधिकतर क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रहा और आसमान बादलों से ढंका होने के कारण दोपहर तक लोगों को सूरज के दर्शन नहीं हुए। लोगों को कड़ाके की ठंड और शीत लहर का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए जम्मू संभाग में आज और कल के लिए यैलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कोहरे के साथ शीत लहर का प्रकोप बना रह सकता है। विभाग ने घने कोहरे में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर रात का तापमान हिमांक बिंदु से नीचे रहा। गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान -6.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ, जबकि पहलगाम में -5.2 डिग्री, श्रीनगर में -1.5 डिग्री और श्रीनगर हवाई अड्डे पर -2.0 डिग्री सैल्सियस तापमान रहा। शोपियां में -4.7, पुलवामा में -3.9, अनंतनाग में -3.0 और कुपवाड़ा व गांदरबल में -1.6 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जम्मू क्षेत्र में तापमान शून्य से ऊपर रहा, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा देखा गया।
जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सैल्सियस रहा, जबकि भद्रवाह सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान -1.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ। बनिहाल में 2.7, बटोत में 4.2, ऊधमपुर में 5.0, राजौरी में 3.2 और किश्तवाड़ में 3.6 डिग्री सैल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।


