चेन्नई (नेहा): तमिलगा वेट्टरी कझगम (TVK) के अध्यक्ष और मशहूर अभिनेता विजय को सीबीआई ने बड़ा झटका दिया है। उन्हें करूर भगदड़ मामले में पूछताछ के लिए 12 जनवरी को दिल्ली मुख्यालय बुलाया गया है। यह दर्दनाक हादसा पिछले साल 27 सितंबर को तमिलनाडु के करूर में हुआ था। उस दिन विजय की एक बड़ी राजनीतिक सभा आयोजित की गई थी। इस सभा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 41 मासूम लोगों की जान चली गई थी। साथ ही 60 से ज्यादा लोग बुरी तरह घायल हुए थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने इस केस की जांच एसआईटी से अपने हाथ में ली थी। अब एजेंसी विजय से इस लापरवाही पर सीधे सवाल-जवाब करेगी। विजय के राजनीतिक करियर के लिए यह एक बहुत बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
करूर में विजय की सभा के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। समर्थकों के बीच उन्हें देखने की होड़ मच गई थी। अचानक सुरक्षा घेरा टूटने से वहां भगदड़ शुरू हो गई। देखते ही देखते वहां चीख-पुकार मच गई। जमीन पर लोगों के जूते और कपड़े बिखरे पड़े थे। 41 लोगों की मौत ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण में भारी चूक की बात कही थी। अब सीबीआई उस दिन की सुरक्षा व्यवस्था के हर सबूत को खंगाल रही है।


