नई दिल्ली (नेहा): पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद राज्यपाल की सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। गौरतलब है कि बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है।
राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात को एक ईमेल के जरिए राज्यपाल को जान से मारने की धमकी मिली, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
आरोपी ने ईमेल में अपना मोबाइल नंबर भी दिया है। हमने डीजीपी को सूचित कर दिया है और उनसे उस व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार करने को कहा है। राज्यपाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर काम कर रहे हैं। सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को भी तैनात किया गया है।


